सैदपुर : छठ घाटों का निरीक्षण कर डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां, पक्का घाट पर हजारों की भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के दिए निर्देश





सैदपुर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के मद्देनजर शनिवार को नहाय-खाय के दिन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने नगर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और तहसीलदार हिमांशु सिंह के साथ अधिकारियों ने सबसे पहले पक्का घाट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान आयोजन समिति के पंकज अग्रवाल ने अधिकारियों को घाट पर चल रही तैयारियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के संबंध में जानकारी दी। डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार से घाट की गहराई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन कुमार को दिया। समिति के पंकज अग्रवाल ने बताया कि पक्का घाट पर छठ पूजा के दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ शुभम वर्मा और कोतवाल अमित मिश्रा को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम और एसपी बूढ़ेनाथ महादेव घाट पहुंचे। वहां घाट की कई जगहों पर टूटी सीढ़ियां और क्षतिग्रस्त हिस्से देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक मरम्मत नहीं कराए जाने पर सवाल उठाते हुए तत्काल काम शुरू कराने और उसी दिन क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही घाट के बाईं ओर कच्ची मिट्टी पर बनाई गई पूजा की बेदियों तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए सीढ़ियों से उतरने वाले स्थान पर रेत से भरी बोरियां रखवाकर सीढ़ीनुमा रास्ता तैयार कराने को कहा, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व संपन्न होने तक घाटों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखें और किसी भी तरह की कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर कराएं। उन्होंने सुरक्षा, रोशनी और आवागमन की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने पर जोर दिया। वहां से अधिकारी फुलवारी खुर्द पहुंचे और वहां का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीओ शुभम वर्मा, नायब तहसीलदार सुमन यादव, कोतवाल अमित मिश्रा, नगर पंचायत के ईओ अर्जुन कुमार, लेखपाल राहुल मौर्य आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : भाजपा अनुसूचित मोर्चा की जिला कार्यकारिणी घोषित, 8 उपाध्यक्ष व 3 बने महामंत्री, अन्य कईयों को मिली जिम्मेदारी
सैदपुर : जीबी इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, रॉकेट मॉडल का प्रक्षेपण रहा आकर्षण का केंद्र, फन जोन और व्यंजनों के स्टॉल का भी बच्चों ने उठाया लुत्फ >>