अनौनी : छठ घाटों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, गोमती के गहरे पानी में बल्ली से बैरिकेडिंग व किनारे पर्याप्त रोशनी का दिया निर्देश





अनौनी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को सकुशल और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा और तहसीलदार हिमांशु सिंह ने गोमती नदी सहित विभिन्न पोखरों और तालाबों पर बने छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को परखा तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिधौना, भुजाड़ी, गोरखा, गौरी, गौरहट, तेतारपुर, खानपुर, अनौनी, मौधा, नायकडीह, उचौरी, शिवदासपुर और अमेंदा सहित विभिन्न गांवों के छठ घाटों का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि घाटों पर रंगरोगन का कार्य पूरा कराया जा चुका है। अब पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शेष व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने निर्देश दिया कि गोमती नदी के घाटों पर जहां पानी अधिक गहरा है, वहां बांस की बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न जा सकें। घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दिन गोमती नदी में केवल प्रशासन और नगर पंचायत की नावों का ही संचालन होगा। इसके अलावा किसी अन्य निजी नाव के संचालन की अनुमति नहीं रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए घाटों पर लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। उनके साथ स्थानीय वालंटियर भी तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु नदी एवं तालाबों के किनारे पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित कर्मचारी समय से अपनी जिम्मेदारी संभाल लें। इस दौरान थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा सहित राजस्व, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का बुरा हाल, दुबई में नौकरी करते हैं पिता
अनौनी : 52 वेदियों वाला छठ घाट तैयार लेकिन रास्ते में गंदे पानी और बजबजाती नालियों से परेशानी, सफाईकर्मियों का इंतजार करते थक गए ग्रामीण तो खुद की सफाई >>