दुल्लहपुर : बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का बुरा हाल, दुबई में नौकरी करते हैं पिता





दुल्लहपुर। थानाक्षेत्र के खुदाबख्शपुर गांव में 22 वर्षीय युवक की बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे दुल्लहपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। खुदाबख्शपुर गांव निवासी लहरी चौहान का 22 वर्षीय पुत्र सूरज चौहान गुरुवार की शाम घर पर था। बताया जाता है कि शाम को उसने खाने-पीने के लिए परिजनों से कुछ रुपये मांगे। इसके बाद उसने भोजन किया और घर के कुछ जरूरी काम निपटाए। इस दौरान घर के बिजली कनेक्शन में आई खराबी को भी ठीक किया। इसके बाद वह कुछ देर के लिए गांव में निकल गया। कुछ समय बाद सूरज घर लौटा और रोजाना की तरह अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। परिजनों को लगा कि वह प्रतिदिन की तरह आराम करने के लिए कमरे में गया है। हालांकि, कुछ देर बाद परिवार के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने बगल के कमरे में बने एक छेद से अंदर झांककर देखा। कमरे के भीतर सूरज कपड़े के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़ा और सूरज को नीचे उतारकर तत्काल दुल्लहपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गाजीपुर भेज दिया। इसके साथ ही मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना की सूचना दी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता लहरी चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। परिवार में तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन की शादी अभी होनी बाकी है। इकलौते बेटे की अचानक मौत से मां प्रेमा चौहान का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : बरात में लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल, आरोपी सेना का हवलदार गिरफ्तार, रद होगा लाइसेंस
अनौनी : छठ घाटों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, गोमती के गहरे पानी में बल्ली से बैरिकेडिंग व किनारे पर्याप्त रोशनी का दिया निर्देश >>