सैदपुर : छठ के पूर्व नाव से भ्रमण कर एसडीएम ने परखी गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, नाव-गोताखोर और बैरिकेडिंग के इंतजाम सुनिश्चित

सैदपुर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने तहसीलदार हिमांशु सिंह, नायब तहसीलदार सुमन यादव, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन कुमार एवं लेखपाल राहुल मौर्य के साथ नाव से क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जलस्तर, पानी की गहराई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए। नदी में गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग, पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता और गोताखोरों की तैनाती की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही घाटों पर पुलिस एवं राजस्व कर्मियों की निगरानी सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवागमन के रास्तों को दुरुस्त रखने तथा महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान एवं पूजा करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से विशेष रूप से अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। घाटों पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

