अनौनी : रबी के फसलों की बुआई के बीच खाद व गेहूं के बीज की किल्लत शुरू, जरूरत 650 कुंतल की और मिले सिर्फ 400 कुंतल, नायकडीह में पांच दिन से खाद वितरण बंद





अनौनी। रबी की फसल की बुआई का समय चल रहा है, लेकिन क्षेत्र में किसानों को जरूरत के अनुसार खाद और गेहूं के बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र में करीब 650 कुंतल गेहूं के बीज की आवश्यकता है, जबकि अब तक महज 400 कुंतल ही उपलब्ध हो सका है। दूसरी ओर नायकडीह में बीते पांच दिनों से खाद का वितरण ठप होने से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि रबी की बुआई के लिए समय पर खाद और गेहूं का बीज मिलना बेहद जरूरी है। समय निकलने के बाद बुआई प्रभावित होने के साथ ही फसल की पैदावार पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है। इसके बावजूद पर्याप्त मात्रा में कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसान रामकृष्ण सिंह, अलगू, सभाजीत विश्वकर्मा, करताल बिंद, भीम बिंद, गोपाल विश्वकर्मा, राजकुमार शर्मा, अरविंद शर्मा, सुनील यादव और विवेक द्विवेदी ने बताया कि नायकडीह में बीते शनिवार को खाद का वितरण हुआ था। इसके बाद पांच दिनों से खाद नहीं मिलने के कारण किसान परेशान हैं। मजबूरी में उन्हें बाजार से अधिक कीमत पर खाद और गेहूं का बीज खरीदना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में जरूरत की सामग्री उपलब्ध नहीं होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि बुआई का समय निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में खाद और गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार को उदीयमान सूर्य के अर्घ्य के बाद होगा पारण
सैदपुर : छठ के पूर्व नाव से भ्रमण कर एसडीएम ने परखी गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, नाव-गोताखोर और बैरिकेडिंग के इंतजाम सुनिश्चित >>