मरदह : पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर

मरदह। थानाक्षेत्र के डोडसर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर गुरुवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मऊ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बिरनो के मोहम्मदपुर वाजिदपुर गांव निवासी बाबूलाल चौहान और पांचू चौहान गुरुवार की सुबह एक ही बाइक से घर से निकले थे। दोनों बाइक से कासिमाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान डोडसर गांव के पास सर्विस रोड पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार बाबूलाल चौहान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे पांचू चौहान गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी मरदह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मऊ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे में जान गंवाने वाले बाबूलाल चौहान नौ भाइयों में सातवें नंबर पर थे। वह मुंबई में रहकर मजदूरी करते थे। अस्वस्थ होने के कारण चार दिन पूर्व ही मुंबई से अपने गांव लौटे थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां लालमुनि देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांचू चौहान अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। परिवार में उनकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। आगामी 19 नवंबर को उनका तिलक और 25 नवंबर को विवाह होना तय था। घर में शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब बेटे की गंभीर हालत को लेकर चिंता का माहौल है। बताया गया कि हादसे के समय दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। मृतक बाबूलाल चौहान के पिता राधेश्याम चौहान की तहरीर पर मरदह पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

