सैदपुर : जिला स्तरीय क्वान की डो प्रतियोगिता में गैबीपुर का दबदबा, 251 अंकों के साथ गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी ने जीती विजेता ट्रॉफी

सैदपुर। पांचवीं जिला स्तरीय क्वान की डो प्रतियोगिता में मेजबान गैबीपुर की गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी एवं छात्रावास के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बुधवार देर शाम तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने किक और पंच की बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जिला क्वान की डो एसोसिएशन, गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 160 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में गैबीपुर के अलावा जमानियां, गाजीपुर सदर, औड़िहार, मुहम्मदाबाद और सैदपुर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य समाजसेवी डॉ. सच्चिदानंद सिंह सचिन व डॉ. सुधा सिंह ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर तथा उनका उत्साहवर्धन कर किया। सचिव विशाल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से चंदौली और वाराणसी के तकनीकी अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। वहीं, एसोसिएशन के तकनीकी अधिकारी अब्दुल मलिक खान ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को वाराणसी में आयोजित होने वाली पांचवीं राज्य स्तरीय क्वान की डो प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के समापन पर टीमों के प्रदर्शन के आधार पर अंक घोषित किए गए। इसमें 251 अंक हासिल कर मेजबान गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी एवं छात्रावास, गैबीपुर की टीम ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, 137 अंकों के साथ ग्लोइंग स्टार स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम उपविजेता बनी। 128 अंक प्राप्त करने वाली बाल योद्धा मार्शल आर्ट्स एकेडमी, सैदपुर को बेस्ट पार्टिसिपेशन अवार्ड प्रदान किया गया। जबकि 66 अंक हासिल करने वाली एके नेशनल इंटर कॉलेज, औड़िहार की टीम को अनुशासित व्यवहार के लिए बेस्ट डिसिप्लिन अवार्ड से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के पीवी ग्रुप बालक वर्ग में शिवांश दुबे, तेजस्वी यादव और प्रखर चंद्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में जागृति कुमारी, रवि श्रीवास्तव और शिवा सिंह गौतम प्रथम स्थान पर रहीं। चिल्ड्रेन ग्रुप के बालक वर्ग में सिद्धेश सिंह, अंकुश यादव और अमन बिंद ने प्रथम, आर्या यादव और आर्यन ने द्वितीय तथा प्रांशु प्रजापति और गौरव यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में अनन्या और इशिका बरनवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर बालक वर्ग में नितिन कुमार विश्वा, शिवम यादव, यश प्रजापति, जितेंद्र यादव, प्रिंस कुशवाहा, अभिनव सिंह और आर्यन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, अंश, अंकुश कुमार, शिवराज यादव, शुभम यादव और देवांश प्रताप सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। शिवांश मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सब-जूनियर बालिका वर्ग में अनवी, अंशिका, आरुही, खुशी, जिज्ञासा सिंह और अर्पिता रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शालिनी मोदनवाल, खुशी कुमारी, सांभवी चंद्रा, अरना सिंह और नव्या यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, प्रीति राज, आराध्या यादव, मान्या चौरसिया और उन्नति गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। समापन समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद अतिथि भाजपा के मंडल मंत्री अभय सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस मौके पर अभिमन्यु सिंह, योगेश कुमार प्रजापति, जयशंकर यादव, जितेंद्र यादव, अभिषेक यादव, अनीश अंसारी, गोपाल सोनकर, खुशी मोदनवाल, अलका मौर्य, मोनी पाल, सचिव कुशवाहा, अभिषेक सिंह, जयकिशन कुशवाहा, नीरज यादव, शिवम दुबे, विनय कुमार आदि रहे।



