भीमापार : कुवांटी में मनरेगा से बने अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन, पूर्ति निरीक्षक ने काटा फीता, एक छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं





भीमापार। क्षेत्र के कुवांटी में मनरेगा योजना के तहत 7.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अन्नपूर्णा भवन का बुधवार को पूर्ति निरीक्षक जखनियां मीना कुमारी ने उद्घाटन किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्मित इस भवन के शुरू होने से ग्रामीणों को राशन वितरण सहित अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने लगी हैं। अब गांव के लोगों को राशन लेने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अन्नपूर्णा भवन का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कराया गया है। यहां उचित दर की दुकान संचालित होने से राशन वितरण के दौरान कार्डधारकों को बैठने और कतारबद्ध होकर राशन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को सहूलियत होगी। भवन में कोटेदार प्रमोद सिंह द्वारा राशन का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही जनसुविधा केंद्र भी शुरू किया गया है, जिससे ग्रामीणों को राशन के अलावा अन्य आवश्यक सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। ग्राम प्रशासक उत्कर्ष पांडेय ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन के निर्माण से गांव के लोगों को काफी सुविधा होगी। पहले राशन वितरण के लिए व्यवस्थित स्थान की आवश्यकता महसूस की जाती थी, लेकिन अब इसके लिए भवन उपलब्ध हो गया है। जनसुविधा केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि मनरेगा से भवन का निर्माण पूरा कराकर उसे संचालित भी कर दिया गया है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से लंबित धनराशि का भुगतान जल्द कराने की मांग की। इस मौके पर अजय पांडेय, सचिव शशि यादव, बुधिराम यादव, कैलाश सिंह, राजेश यादव, मनोज पांडेय, अजीत सिंह, पूर्व प्रधान राजमन राम, कोटेदार प्रमोद सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : नमो घाट पर विराट गोवर्धन पूजनोत्सव में एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव की फिर दिखी डॉ. विजय यादव से नजदीकियां, की पूजा-अर्चना
बलिया : छठ पर्व पर बलिया स्टेशन पर ठहर सकेंगे 260 यात्री, तीन अस्थायी आश्रय स्थल भी बनाए गए, टिकट काउंटरों पर क्यूआर कोड से कर सकेंगे भुगतान >>