अनौनी : क्रिकेट विश्वकप में जीत के नौ माह बाद भी अधूरे हैं वादे, पूर्व कप्तान सूर्या के गांव हथौड़ा में है विकास का इंतजार





अनौनी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में घोषणाएं तो खूब होती हैं, लेकिन उन पर अमल कितना होता है, इसकी तस्वीर भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा में देखी जा सकती है। टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के बाद गांव पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विकास कार्यों की कई घोषणाएं की थीं। प्रवेश द्वार से लेकर क्रिकेट एकेडमी और सड़क निर्माण तक के वादे किए गए, लेकिन नौ माह बीतने के बाद भी एक भी काम शुरू नहीं हो सका है। इससे सूर्यकुमार के स्वजन और ग्रामीणों में निराशा है। आठ मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने टी-20 विश्वकप का खिताब जीता था। इस जीत के बाद सूर्यकुमार यादव के पैतृक गांव हथौड़ा में भी उत्सव का माहौल था। उनके दादा विक्रमा यादव और परिवार के सदस्यों को बधाई देने के लिए आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, नेता प्रतिपक्ष एमएलसी लालबिहारी यादव, शिक्षक एमएलसी आशुतोष सिन्हा और सांसद अफजाल अंसारी समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। इस दौरान गांव के विकास को लेकर कई घोषणाएं की गई थीं। तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की ओर से वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर ईशोपुर के पास सूर्यकुमार यादव के नाम से भव्य प्रवेश द्वार बनवाने का आश्वासन दिया गया था। प्रवेश द्वार पर उनके चर्चित क्रिकेटिंग शॉट का भित्तिचित्र बनाने की भी बात कही गई थी। इसके साथ ही गांव में सूर्यकुमार के नाम से क्रिकेट एकेडमी स्थापित करने, हाईवे से उनके घर तक करीब 1300 मीटर सड़क का जीर्णाेद्धार कराने और स्ट्रीट लाइट लगवाने की घोषणा हुई थी। यहां तक कि खेल राज्यमंत्री गिरीश यादव ने भी सूर्यकुमार के चाचा विनोद यादव से मुलाकात के दौरान कई आश्वासन दिए थे। ब्लाक प्रमुख हीरा यादव व जिपं सदस्य कमलेश यादव ने गांव की सड़कों और नालियों सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराने की बात कही थी। विद्युत विभाग की ओर से सूर्यकुमार के घर और गांव के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के साथ बेहतर विद्युतीकरण का भरोसा दिया गया था। लेकिन नौ महीने गुजरने के बाद भी इन घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ। सूर्यकुमार के दादा विक्रमा यादव का कहना है कि अब तक गांव में कोई विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है। बिजली के जर्जर तार तक नहीं बदले गए। विश्वकप जीत के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के आश्वासनों से गांव के लोगों को विकास की उम्मीद जगी थी, लेकिन लंबे समय बाद भी कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि घोषणाओं के बाद उम्मीद थी कि गांव की तस्वीर बदलेगी, लेकिन अब तक इंतजार ही करना पड़ रहा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : अर्नब चक्रवात के गुजरते ही खुला मौसम तो गिरी धान की मड़ाई में जुटे किसान, शाम होते ही बढ़ने लगी ठंड
अनौनी : निःशुल्क नेत्र शिविर में 68 मरीजों की हुई जांच, 21 को ऑपरेशन के लिए किया गया रेफर >>