सैदपुर : पूर्णतः दुरूस्त नहीं है बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर तक जाने वाला ये मार्ग, लोगों ने की मरम्मत की मांग

सैदपुर। सावन का महीना आज से शुरू हो गया है। लेकिन नगर के बूढ़ेनाथ महादेव स्थित अतिप्राचीन शिव मंदिर तक जाने वाले अधिकांश रास्ते पूर्णतः दुरूस्त नहीं हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की परेशानियां और बढ़ेंगी। बता दें कि पक्का घाट से बूढ़ेनाथ महादेव मन्दिर जाने वाली पूरी सड़क जर्जर स्थिति में है। रास्ते पर बरसात का गंदा पानी इकट्ठा है। जिससे मन्दिर तक आने जाने में श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते वर्षों पक्का घाट से राजकीय स्कूल तक की सड़क पर नगर पंचायत द्वारा लगभग 13 लाख रुपए से सीवरेज पाइप डालने का कार्य किया गया था। जिसके बाद मरम्मत न होने से सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश होने के बाद ऐसी सड़कों से गुजरना लोगों के लिए काफी मुसीबत भरा साबित हो रहा है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं का पैदल चलना भी मुश्किलों से भरा हुआ है। जबकि नगर के सैकड़ों भक्त पक्का घाट होते हुए रोजाना इस रास्ते से मंदिर तक पहुंचते हैं। इस बाबत वीरेंद्र पाण्डेय, श्रीकांत जायसवाल, अभिषेक आदि ने बताया कि सीवर पाइप लाइन बिछाने के कारण मोहल्ले की ये सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। कहा कि गड्ढों में छोटे-छोटे पत्थरयुक्त राबिश डालकर गड्डामुक्त करने का कोरम पूरा किया जा रहा है। लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की है।

