जखनियां : गुरू पूर्णिमा पर हथियाराम सिद्धपीठ में हुआ आयोजन, महामंडलेश्वर ने गुरूकृपा का किया बखान

जखनियां। गुरु पूर्णिमा पर्व के मौके पर क्षेत्र के सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर महंथ भवानी नंदन यति महाराज ने अपने ब्रह्मलीन गुरु पवहारी बालकृष्ण यति महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया। इसके बाद वैदिक विद्वानों संग वैदिक मंत्रोच्चारण कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया। इसके बाद दूर दराज से पहुंचे शिष्यों को प्रवचन दिया। कहा कि व्यक्ति के जीवन में गुरु कृपा का विशेष महत्व होता है। गुरु की पूजा करने का आज का दिन बड़ा ही बेहतर है। कहा कि सिद्ध पीठ में मां सभी भक्तों को खींच लाती हैं। यह सिद्धपीठ यहां के भक्तों का प्रमुख स्थल है। कहा कि प्रकृति का फार्मूला है कि अगर जन्म हुआ है तो मरना भी होगा। विज्ञान सब कुछ दे सकता है लेकिन जीवन नहीं दे सकता। कहा कि जो भगवान को पूछते हैं कि वो कहां है तो वो हम भी के शरीर में ही है। कहा कि 84 लाख योनियों में जन्म लेने के बावजूद हम सभी का लक्ष्य मोक्ष पाना ही है। इसे पाने के लिए ज्ञान रूपी पदार्थ की आवश्यकता होती है। कहा कि अगर किसी के पास ये ज्ञान नहीं होगा तो उसके पास भगवान नहीं होगा। ऐसे में उस ज्ञान को पाने के लिए हमें गुरू के पास जाना होगा। इस मौके पर कन्या पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ रत्नाकर त्रिपाठी, आचार्य विनोद पांडे, बिरनो से देवराहा बाबा, डॉ विजय नारायण राय, जितेंद्र सिंह वैभव, भानुप्रताप सिंह, डॉ सानंद सिंह, शिवानंद सिंह, केडी सिंह, रणजीत सिंह, सीओ सुधाकर पांडे आदि रहे।

