सैदपुर : ठगी का नया तरीका, फाइनेंस एजेंट बन गरीब से उड़ा दिए 23 हजार, 15 दिन बाद वाराणसी में खुद को फाइनेंस कंपनी का बताकर जब्त कर ली बाइक

सैदपुर। साइबर ठगी में पुलिस की लगातार कार्यवाही के बाद अब ठगों ने ठगी का अपना तरीका बदल दिया है और नए तरीके से लोगों को अब अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही मामला थानाक्षेत्र के भदैला निवासी व्यक्ति के साथ हुआ है। एक ठग ने खुद को गाड़ी फाइनेंस कम्पनी का एजेंट बताकर उससे 23 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर ली और पीड़ितों को मामले का पता तब चला, जब कई दिनों के बाद कंपनी के नाम पर कुछ लोगों ने किश्त न जमा होने पर उनकी गाड़ी को जब्त कर लिया। जिसके बाद पीड़ित ने अब पुलिस से गुहार लगाई है। भदैला गांव निवासी किसान पप्पू राजभर के बेटे मोनू राजभर ने तहरीर में बताया कि उसने बीते कुछ माह पूर्व अपनी बहन की शादी की थी। शादी में दहेज के रूप में उन्होंने फाइनेंस पर एक बाइक लेकर दी थी। जिसकी किश्त वो जमा करता था। इस बीच बीते 16 जून को उसके घर पर 2 युवक आए और खुद को उक्त फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए ससुराल जाकर बाइक को जब्त करने की बात कही। कहा कि बाइक की किश्त नहीं भरी जा रही है। ऐसे में ससुराल में बेटी का सम्मान बचाने की गरज से मोनू ने स्टेट बैंक के एटीएम से 23 हजार रूपए निकालकर उन्हें दिए। इधर रूपए देने के बाद 2 जुलाई को उनका दामाद बाइक लेकर वाराणसी जा रहा था तो वहां फाइनेंस कंपनी ने उससे उसकी बाइक लेकर जब्त कर लिया और बताया कि बाइक की किश्त नहीं जमा हुई है। जिसके बाद उसने अपने ससुराल में पूरी बात बताई तो मोनू व उसके पिता के होश उड़ गए और उन्हें ठगे जाने का पता चला। जिसके बाद उन्होंने थाने में जाकर पुलिस को पूरी बात बताई। उसने बताया कि उन्होंने जो 23 हजार रूपए दिए थे, वो 2 बिस्वा जमीन गिरवी रखकर दिए थे। ऐसे में अब वो दोनों तरफ से फंस गए हैं। वहीं उसने ये भी आशंका जताई कि उससे वाराणसी में जिन्होंने खुद को फाइनेंस कंपनी बताकर बाइक जब्त की है, उनका भी नाम, पता नहीं मालूम है। सिर्फ उन्होंने एक मोबाइल नंबर दिया है। ऐसे में आशंका है कि फर्जी एजेंटों के बाद संभव है कि कंपनी के नाम पर फर्जी लोगों ने उसकी बाइक छीन ली हो।

