सैदपुर : एक दिन में यूपी में रोपे जाएंगे 37 करोड़ पौधे, गाजीपुर को मिले 43 लाख के लक्ष्य के तहत समीक्षा करने तहसील पहुंचे कमिश्नर





सैदपुर। पूरे उत्तर प्रदेश में वृहद पौधरोपण अभियान के तहत 9 जुलाई को आयोजित एक दिन में सर्वाधिक 37 करोड़ पौधरोपण व गाजीपुर को मिले 43 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को लेकर मंगलवार की दोपहर 1 बजे वाराणसी मंडल के कमिश्नर ने तहसील में 26 विभागों की समीक्षा बैठक ली। इसके बाद एक पौधा भी रोपा। प्रदेश सरकार के आह्वान पर 9 जुलाई को प्रदेश के 26 विभागों व आमजन के सहयोग से एक दिन के अंदर 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य तय किया गया है। जिसके सापेक्ष गाजीपुर को 43 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। सभी विभागों के सहयोग से लक्ष्य को पूरा करने के बाबत कमिश्नर एस. राजलिंगम ने तहसील सभागार में समीक्षा बैठक की। दोपहर 1 बजे पहुंचने के बाद वो तहसील सभागार में सभी विभागों संग बैठक लेने लगे। जहां उन्होंने सभी विभागों को मिले पौधरोपण के लक्ष्य को लेकर पूछा। एलईडी पर चल रहे प्रेजेंटेशन का भी उन्होंने अवलोकन किया। इसके बाद स्वास्थ्य से लगायत राजस्व आदि विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर बाहर निकले और वहां एक पौधे का रोपण किया और सभी से अपील किया कि बुधवार को होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेकर पौधरोपण करें। बताया कि बुधवार को प्रभारी मंत्री से लगायत अन्य जनप्रतिनिधि पौधरोपण करेंगे। इसके बाद बाहर निकलने पर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उनसे मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। वहीं एक महिला फरियादी को देखकर कमिश्नर रूके और उससे उसकी समस्या पूछी तो महिला रोने लगी। बताया कि उसके पति ने जबरदस्ती पुश्तैनी जमीन को बेच दिया है। ऐसे में वो और उसके बच्चे सड़क पर आ जाएंगे। इस बात को सुनकर कमिश्नर ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड को निर्देश दिया कि वो इस मामले को देखें। इसके बाद वो रवाना हो गए। कमिश्नर के आने की सूचना पर क्षेत्र का हर विभाग अलर्ट हो गया था और सभी विभाग के कार्यालय आदि चमचमा रहे थे। इस मौके पर सीडीओ, डीएफओ, सीएमओ सहित सभी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : सफेद हाथी साबित हो रहा लाखों की लागत से भैरोपुर में बना शौचालय, 2 सालों से बंद होने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
सैदपुर : ठगी का नया तरीका, फाइनेंस एजेंट बन गरीब से उड़ा दिए 23 हजार, 15 दिन बाद वाराणसी में खुद को फाइनेंस कंपनी का बताकर जब्त कर ली बाइक >>