करीमुद्दीनपुर : ये कैसी नियति? उधर ट्रेन से टकराकर भतीजे की मौत, इधर हड़बड़ी में बड़े पिता की छत से गिरकर मौत के बाद मचा हाहाकार





करीमुद्दीनपुर। थानाक्षेत्र के ताजपुर में ट्रेन से टकराकर मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बेटे के साथ हुए हादसे की सूचना मिलने पर बड़े पिता दौड़कर जाने लगे लेकिन हड़बड़ी में छत से गिर गए, जिससे उनकी भी मौत हो गई। एक साथ घर के 2 सदस्यों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं परिजनों में हाहाकार मच गया। दुल्लहपुर के धर्मागतपुर निवासी 18 वर्षीय निरंजन राजभर पुत्र विनोद राजभर अपने भाई चंदन के साथ करीमुद्दीनपुर के पतार में जल निगम के टंकी निर्माण कार्य में जुटकर मजदूरी का काम कर रहा था। इस बीच गुरूवार की शाम को वो बाजार से लौटकर पटरी पार कर रूम पर जा रहा था। तभी ट्रेन आ गई और उसे धक्का लग गया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर वहां पहुंचे उसके भाई चंदन आदि ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। इधर भतीजे संग हुए हादसे की सूचना उसके बड़े पिता मुनि राजभर को जब मिली तो वो उस समय अपने छत पर सो रहे थे। सूचना मिलते ही वो हड़बड़ाकर उठे और नीचे जाने लगे लेकिन उनका संतुलन बिगड़ गया और वो छत से सीधे नीचे आ गिरे। जिससे वो भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वो काफी देर तक वहीं पड़े रह गए। उनकी गर्दन की हड्डी टूटने व सिर से अधिक खून बहने के चलते उनकी मौत हो गई। जब घंटों बाद परिजन उन्हें ढूंढने लगे और वो नहीं मिले तो परिजन घर के पीछे गए तो वो वहां मृत पड़े थे। एक साथ एक ही घर में दो मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में शोक की लहर है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक निरंजन 3 भाईयों में सबसे छोटा था। उसके पिता बाजार में दाना आदि बेचते हैं। वहीं भाई मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत के बाद मां बतासी देवी सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जमानियां : शादी के महज 2 माह बाद दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला, अब व्हाट्सएप पर पति ने दे दिया 3 तलाक, 6 पर मुकदमा
दस्तक अभियान के दौरान पात्र बुजुर्गों को ढूंढ-ढूंढकर बनाया जाएगा आयुष्मान कार्ड, सघन आबादी वाले क्षेत्र में लगेंगे विशेष कैंप >>