सैदपुर : महमूदपुर पाली में मानसिक रूप से परेशान युवती फंदे पर झूली, घंटों लटकने के बावजूद अच्छी किस्मत के चलते बच गई जान

सैदपुर। क्षेत्र के महमूदपुर पाली गांव में बीती रात मानसिक रूप से परेशान युवती ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया लेकिन संयोग अच्छा रहा कि ठीक तरीके से बांध न पाने के चलते उसकी जान बच गई। सुबह जब परिजनों ने उसे लटके देखा तो उनके होश उड़ गए। वो उसे फौरन सीएचसी लाए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। गांव निवासिनी एक 20 वर्षीय युवती मानसिक रूप से परेशान है। बीती रात उसने अपने कमरे में ही पंखे से रस्सी बांधकर अपने गले में बांध लिया। लेकिन उसके दोनों पैर सही ढंग से बिस्तर से छू रहे थे और वो गले में रस्सी भी नहीं बांध पाई थी, जिससे उसके गले पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ा लेकिन उसकी हालत गंभीर हो गई थी। पूरी रात उसी हाल में पड़े होने के बाद भोर में जब परिजन उठे तो उसे रस्सी से लटके देखा। जिसके बाद उनके होश ही उड़ गए। उसे फौरन रस्सी से उतारकर लेकर सीएचसी आए, जहां उसका प्राथमिक उपचार कर उसे गंभीर हाल में रेफर कर दिया गया।

