सैदपुर : तहसील में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सभी विभागों की ली साप्ताहिक बैठक, अनुपस्थित अधिकारियों को जारी होगी नोटिस

सैदपुर। बीते सप्ताह जिलाधिकारी द्वारा तहसील व ब्लॉक स्तर पर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न किए जाने को लेकर हर बुधवार को तहसील में साप्ताहिक बैठक लेने के निर्देश देने के बाद बुधवार को तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय में सभी विभागों की बैठक हुई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने बुधवार को देवकली, सैदपुर, सादात, मनिहारी ब्लॉक के बीडीओ, सैदपुर, देवकली, सादात सीएचसी के अधीक्षकों, देवकली, मनिहारी, सादात, सैदपुर के पूर्ति निरीक्षकों, सैदपुर बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी, सैदपुर, सादात, खानपुर, करंडा, नंदगंज, रामपुर मांझा, शादियाबाद, बहरियाबाद थानों के थाना प्रभारियों व सैदपुर, सादात, देवकली व मनिहारी के एडीओ पंचायतों के नाम पत्र जारी किया। लेकिन सभी विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग नहीं किया। जिस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान बैठक में उन्होंने सभी विभाग को उनके कार्यों को लेकर दिशा निर्देश दिया। कहा कि जो भी शिकायतें आती हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें। पुलिस विभाग से कहा कि थाने में आई शिकायतों को लेकर मौके पर जाकर निस्तारण कराएं। वहीं बिजली विभाग को निर्देश दिया कि आगामी दिनों में ताजिया व कांवरियों की सुविधाओं को देखते हुए कार्य करें। कहा कि जहां भी जर्जर पोल व तार हों, उन्हें तत्काल बदलवाएं, साथ ही ताजिए के रास्तों में तारों की ऊंचाई का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि तहसील व ब्लॉक स्तर पर आ रही शिकायतों का सही निस्तारण न होने से अधिक संख्या में शिकायती पत्र आ रहे हैं। ऐसे में उनक समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें। सभी विभागों से कहा कि शासन की जो भी योजनाएं हैं, उनका लाभ पात्रों तक जरूर पहुंचाएं। इसके अलावा बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों के नाम नोटिस जारी करने की बात कही। इस मौके पर सीओ अनिल कुमार, नायब तहसीलदार अजय कुमार आदि रहे।

