सैदपुर : अमेरिका से आई खुशखबरी, बर्मिंघम में हो रहे विश्व पुलिस गेम्स में गैबीपुर के ऋषि राय ने चीन व इंडोनेशिया को हरा जीता स्वर्ण

सैदपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षित ताईक्वांडो खिलाड़ी ऋषि राय ने अमेरिका के अल्बामा राज्य स्थित बर्मिंघम शहर में 27 जून से 7 जुलाई तक आयोजित 21वीं विश्व पुलिस व फायर गेम्स 2025 के चौथे दिन स्वर्ण पदक जीतकर जिले सहित पूरे प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। इस बाबत ऋषि के कोच व गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि अमेरिका जाने के बाद ऋषि वीडियोकॉल के माध्यम से लगातार हमारे संपर्क में थे। उन्हें पहले बाउट के ड्रॉ में बाई मिला था। जिसके बाद उनका सेमीफाइनल मुकाबला चाइनीज ताइपे से हुआ, जहां चीनी खिलाड़ी सीपी वुहान को उन्होंने 7-2, 4-6 और 9-3 से पराजित कर फाइनल में स्थान पक्का किया। फाइनल मैच में कंबोडिया के खिलाड़ी को हराकर पहुंचे इंडोनेशिया के खिलाड़ी बीमा दिमास को भी ऋषि ने एकतरफा मुकाबले में 11-3 और 9-3 के स्कोर से हराकर इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। श्री सिंह ने बताया कि ऋषि राय पिपनार गाँव निवासी अरविंद राय डबलू व रेनू राय के पुत्र हैं। ऋषि अब तक कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। प्रदेश सरकार ने ऋषि की उपलब्धियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में अपने खेल कोटे से नौकरी प्रदान किया है। अकादमी के सदस्य जयशंकर यादव ने कहा कि यह खबर हम सभी को भारतीय समयानुसार आज यानी बुधवार की भोर 3 बजकर 45 मिनट पर मिली तभी से गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के समस्त खिलाड़ियों सहित पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। बताया कि हम सभी एक दूसरे का मुंह मीठा कर बधाइयाँ दे रहे हैं ।

