मुख्तार अंसारी की जेल में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती, सांसद अफजाल अंसारी हुए रवाना





लखनऊ। बांदा के मंडलीय जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद जेल प्रशासन ने कड़ी निगरानी में मुख्तार अंसारी को वहीं के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। भर्ती कराए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन लगातार मुख्तार अंसारी का हेल्थ बुलेटिन भी जारी कर उनकी स्थिति बता रहा है। अस्पताल में उन्होंने डॉक्टरों से बताया कि उसके पेट में कुछ दिनों से तकलीफ है और गैस निकलने में दिक्कत हो रही है। जिसके बाद डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी अंकुर अग्रवाल समेत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। मुख्तार का कड़ी निगरानी के बीच उपचार चल रहा है। अस्पताल पहुंचने के बाद पूरा अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। इस बाबत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुनील कौशल ने बताया कि मुख्तार ने पिछले चार-पांच दिनों से पेट में दर्द व गैस बनने की शिकायत बताई है। डॉक्टरों की देखरेख में उपचार हो रहा है फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। बता दें कि 6 अप्रैल, 2021 को पंजाब के रोपड़ जेल से बांदा जेल आने के बाद से मुख्तार अंसारी की ओर से जेल अधिकारियों पर कई आरोप लगाए गए है। कुछ दिनों पूर्व भी बाराबंकी और मऊ कोर्ट में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पेशी के दौरान मुख्तार ने खाने में जहर देकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया था। बीते दिनों मुख्तार अंसारी के वकील रणधीर सिंह सुमन ने मुख्तार की ओर से जज कमलकांत श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र देकर बांदा जेल में जान का खतरा बताया था। जिसके बाद बांदा जेल के डिप्टी जेलर ने पेश होकर मुख्तार के बीमार होने की जानकारी दी थी। उनके द्वारा जज को दिए गए प्रार्थना पत्र में लिखा था कि 19 मार्च 2024 को मुख्तार अंसारी को जो भोजन दिया गया उसमें कोई विषाक्त पदार्थ था, जिसके खाने की वजह से वह गंभीर बीमार हो गए थे। मंगलवार की भोर में मुहम्मदाबाद थाने की पुलिस ने सांसद अफजाल अंसारी को वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार बांदा का रेडियो संदेश दिया । जिसके बाद सांसद अफजाल अंसारी मेडिकल कालेज बांदा के लिए रवाना हो गये है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : रात के 2 बजे बाइक से जा रहे पिता व 2 पुत्र सड़क दुर्घटना में हुए गंभीर रूप से घायल
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर सूर्यकुमार यादव के फुफेरे चाचा की मुंबई में सड़क दुर्घटना में मौत, पूर्व विधायक सुभाष पासी ने विमान से भिजवाया शव >>