‘‘जाको राखे साईयां, मार सके न कोय’’, इस तरह मौत के मुंह से बाहर आए दर्जनों लोग



देवकली, गाजीपुर। सैदपुर थानाक्षेत्र के देवकली पुल के पास मंगलवार की शाम को वाराणसी से गाजीपुर की तरफ जा रही यात्रियों से भरी बस मैजिक को टक्कर मारते हुए पलट गई। घटना में बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए वहीं चारो तरफ चीख पुकार मच गई। घटना के बाद तेज आवाज सुन आए ग्रामीणों ने सभी यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को निजी चिकित्सकों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि बस पलटने के बाद पटरी पर ही रूक गई अन्यथा जरा सा आगे बढ़ने पर वो सैकड़ों फीट नीचे खाई में चली जाती तो भयानक हादसा हो सकता था।



वाराणसी से गाजीपुर जा रही निजी बस का मेन पत्ता टूट जाने से चालक का नियंत्रण खराब हो गया और बस एक मैजिक को टक्कर मारते हुए पुल के पास पटरी पर पलट गई। जरा सा बस और तेज होती तो वो सैकड़ों फीट नीचे खाई में जाकर गिरती तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था। इधर बस पलटते ही चारो तरफ चीख पुकार मच गई। इस दौरान घटना में रिंकू देवी 25 बुद्धू कुशवाहा निवासी बिहार, रूनिया देवी 50 पत्नी रामअवतार निवासी सिंचाई कालोनी सैदपुर, सुरेंद्रनाथ सिंह 60 निवासी रमरेपुर, भगवान दास 55 निवासी नसीरपुर, सीमा 15, रज्जू 20, हसीना 40 निवासी गाजीपुर घायल हो गए। सभी घायलों को आस पास के लोगों ने किसी तरह से निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान रिंकू, सुरेंद्र व रूनिया को सैदपुर सीएचसी लाया गया। वहीं बाकी ने निजी अस्पताल में इलाज कराया। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीएम शिशिर कुमार सहित नंदगंज एसआई प्रदीप सिंह, सुरेश मिश्र व सैदपुर कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी ने घटना का जायजा लिया और घायलों को इलाज के लिए भेजा। बहरहाल लोग ईश्वर को धन्यवाद भी देते नजर आए कि बस खाई में नहीं गिरी वरना मंजर बेहद भयावह होता।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< तेवर में दिखे एआरटीओ, सीज किए वाहन
स्वच्छता दिवस के रूप में मनी पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती >>