सैदपुर : एसडीएम को फिर मिला बीडीओ का चार्ज, सचिवों संग बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा और जिम्मेदारी निभाने की दी हिदायत

सैदपुर। एसडीएम ज्योति चौरसिया को एक बार फिर सैदपुर के प्रभारी बीडीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसके बाद उन्होंने ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि इससे पहले भी एसडीएम ज्योति चौरसिया के पास बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार था। बाद में नियमित बीडीओ को जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। हालांकि, उनके स्थानांतरण के बाद एक बार फिर एसडीएम को बीडीओ का प्रभार दिया गया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सचिवों के साथ बैठक कर ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों और विभागीय जिम्मेदारियों को लेकर निर्देशित किया। वहीं, ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सैदपुर में स्थायी खंड विकास अधिकारी की तैनाती की मांग उठाई है। प्रधान संघ के अनिल यदुवंशी ने कहा कि बार-बार प्रभार बदलने के बजाय ब्लॉक में नियमित बीडीओ की नियुक्ति होनी चाहिए, ताकि विकास कार्यों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो।

