अनौनी : मकान निर्माण सामग्री की कीमतों में आया उछाल, आम आदमी के लिए मकान बनाना हुआ महंगा, ढीली करनी पड़ रही जेबें

अनौनी। अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों को अब पहले की अपेक्षा अधिक खर्च करना पड़ रहा है। पिछले एक से दो महीनों के भीतर निर्माण सामग्री की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी होने के कारण मकान बनवाना महंगा हो गया है। सीमेंट, सरिया, गिट्टी, बालू, टाइल्स और पीवीसी पाइप सहित लगभग सभी जरूरी निर्माण सामग्रियों के दाम बढ़ गए हैं। इसका सीधा असर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के बजट पर पड़ रहा है। निर्माण सामग्री के कारोबारियों के अनुसार बीते कुछ महीनों में प्रमुख सामग्रियों की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है। गिट्टी की एक ट्रॉली का करीब दाम एक हजार रुपये और बढ़कर नौ हजार रुपये हो गया है। वहीं, बालू की ट्रॉली पांच हजार रुपये से बढ़कर 5500 रुपये तक पहुंच गई है। सरिया के दाम में भी आठ रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह सीमेंट की बोरी पहले 360 रुपये में मिलती थी, जो अब बढ़कर 370 रुपये की हो गई है। पीवीसी पाइप की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले 1100 रुपये में मिलने वाला 20 फीट का पाइप अब 1300 रुपये में मिल रहा है। टाइल्स की एक पेटी की कीमत भी 250 रुपये से बढ़कर 350 रुपये हो गई है। इस तरह मकान निर्माण में इस्तेमाल होने वाली छोटी-बड़ी लगभग सभी जरूरी सामग्रियों के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मकान बनवा रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले से ही निर्माण कार्य के लिए बजट तैयार किया था, लेकिन अचानक निर्माण सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी होने से पूरा हिसाब बिगड़ गया है। अब छत की ढलाई से लेकर फर्श की फिनिशिंग तक हर काम पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। कई परिवारों को निर्माण कार्य की गति धीमी करनी पड़ रही है, जबकि कुछ लोग अतिरिक्त पैसों का इंतजाम करने में जुटे हैं। निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के लिए अपने घर का सपना पूरा करना और मुश्किल कर दिया है।

