सैदपुर : बाइक-कार की टक्कर के बाद सर्विस लेन पर खड़ी कार में अज्ञात ने लगाई आग, शीशे तक पिघले लेकिन सीएनजी टैंक बचने से टला बड़ा हादसा

सैदपुर। थानाक्षेत्र के शरीफपुर गांव के सामने वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन की सर्विस लेन पर दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ी एक कार को कथित रूप से अराजक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते कार के अंदर का पूरा हिस्सा जलकर राख हो गया। यहां तक कि कार के शीशे भी पिघल गए। आग बुझने के बाद कार की केवल बॉडी और पहियों के मोटे लोहे के रिम ही बचे थे। गनीमत रही कि कार में लगा सीएनजी टैंक सुरक्षित बच गया, अन्यथा उसके फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि 21 नवंबर की देर रात करीब 11 बजे उक्त स्थान पर एक अपाचे बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे में बाइक सवार चंदवक के माहपुर निवासी 20 वर्षीय सूरज गुप्ता पुत्र भरत गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज आजमगढ़ के लालगंज में चल रहा है। सूरज के मित्र सत्यम गुप्ता ने बताया कि सूरज अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक से घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। देर रात भोजन करने के बाद सभी लौट रहे थे। गांव के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान वाराणसी की तरफ से सर्विस लेन पर आ रही एक कार, जिस पर भाजपा का झंडा लगा था और पीछे भाजपा लिखा हुआ था, हाईवे पर चढ़ने ही वाली थी कि तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार का दाहिना हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक सड़क किनारे ही खड़ी रह गईं। राहगीर आशुतोष जायसवाल ने बताया कि बीती रविवार की रात करीब साढ़े 9 बजे वह उधर से गुजर रहे थे, तभी देखा कि कार में पहले से आग लगी हुई थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि राहगीर सहम गए और कई लोग उस रास्ते से गुजरने से बचते नजर आए। लोगों को आशंका थी कि आग की चपेट में आने से कार का सीएनजी टैंक फट सकता है, जिससे आसपास बड़ा नुकसान हो सकता है। बताया कि आग बुझने तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और तीव्रता इतनी थी कि उसके शीशे तक पिघल गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जलकर राख हो चुकी थी। कार में आग कैसे लगी और क्या किसी ने जानबूझकर उसे आग के हवाले किया, इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि आग लगने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है, फिर भी पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है। वहीं आग की लपट देखकर भी ये लग रहा कि किसी ने आग लगाई है, क्योंकि आग की लपटें कार के इंजन की बजाय उसके अंदर सीट से आ रही थी।


