अनौनी : खजुरहट में एसडीएम ने क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, कराई फसल की नापी, सत्यापन शुरू





अनौनी। खानपुर क्षेत्र के खजुरहट गांव में फसल उत्पादन का वास्तविक आंकलन करने के लिए कराई जा रही क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर फसल कटाई की प्रक्रिया देखी और निर्धारित मानकों के अनुसार फसल की नापी भी कराई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से क्रॉप कटिंग के कार्य की प्रगति और अब तक जुटाए गए आंकड़ों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कहा कि क्रॉप कटिंग का कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। शेष कार्य को भी तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही अब क्रॉप कटिंग से संबंधित आंकड़ों और अभिलेखों का सत्यापन भी तेजी से शुरू करा दिया गया है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फसल उत्पादन से जुड़े आंकड़ों का संकलन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए, ताकि वास्तविक उत्पादन का सही आंकलन हो सके। क्रॉप कटिंग के माध्यम से खेत में फसल की निर्धारित क्षेत्रफल के आधार पर उपज का आंकलन किया जाता है। इससे क्षेत्र की औसत उत्पादकता का आंकड़ा तैयार करने में मदद मिलती है। यही आंकड़े कृषि उत्पादन के आंकलन और फसल बीमा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। एसडीएम ने कार्य में तेजी बनाए रखने और सत्यापन की प्रक्रिया समय से पूरी करने पर जोर दिया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : दूसरे दिन भी पेड़ के नीचे खुले में गुजरी विधवा के परिवार की सर्द रात, एसडीएम ने कहा गलत ढंग से जिद पर अड़ा है परिवार
सैदपुर : नवागत बीईओ का शिक्षक संगठनों ने किया स्वागत, शैक्षणिक कार्यों को लेकर हुई चर्चा >>