गोरखपुर : अंबेडकर नगर से गोरखपुर के लिए 22 नवंबर को चलेगी विशेष ट्रेन, मऊ-आजमगढ़ से होते हुए होगी रवाना

गोरखपुर। त्योहारों के बाद यात्रियों की वापसी को आसान बनाने के लिए रेलवे ने अंबेडकर नगर-गोरखपुर त्योहार विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 09327 डॉ. अंबेडकर नगर-गोरखपुर 22 नवंबर रविवार को अंबेडकर नगर से शाम 6 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन इंदौर, फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, उज्जैन, मक्सी, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज छिवकी होते हुए मिर्जापुर पहुंचेगी। इसके बाद वाराणसी जंक्शन से शाम 4 बजे प्रस्थान कर जौनपुर, शाहगंज और आजमगढ़ होते हुए रात 9ः05 बजे मऊ पहुंचेगी। यहां से बेल्थरा रोड, सलेमपुर और देवरिया सदर होते हुए तीसरे दिन रात 1 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के नौ और एसएलआर के दो कोच शामिल होंगे। इस एकल यात्रा विशेष ट्रेन से मध्य प्रदेश से पूर्वांचल लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

