गाजीपुर : अमृतसर-सहरसा के बीच चलेगी आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन, गाजीपुर सिटी सहित कई स्टेशनों पर होगा ठहराव

गाजीपुर। दीपावली और छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अमृतसर और सहरसा के बीच आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वाेत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, ट्रेन संख्या 04672 अमृतसर-सहरसा विशेष ट्रेन शुक्रवार को अमृतसर से रात 8ः10 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन अगले दिन शाम 5 बजे वाराणसी जंक्शन और शाम 6ः40 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी। इसके बाद बलिया, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और बरौनी होते हुए तीसरे दिन सुबह 5ः30 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04671 सहरसा-अमृतसर विशेष ट्रेन 22 नवंबर रविवार को सहरसा से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन उसी दिन शाम 4ः50 बजे छपरा, शाम 6ः15 बजे बलिया, शाम 7ः35 बजे गाजीपुर सिटी और रात 9ः35 बजे वाराणसी पहुंचेगी। अगले दिन शाम 6 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जनरेटर सह लगेज यान, तीन सामान्य द्वितीय श्रेणी, नौ वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और चार शयनयान श्रेणी के कोच शामिल होंगे। इस ट्रेन के संचालन से गाजीपुर समेत पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

