सैदपुर : वेद इंटरनेशनल स्कूल में लगे प्रशिक्षण शिविर में सड़क सुरक्षा के नियमों से रूबरू हुए बच्चे, अधिकारियों ने शपथ दिला हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक





सैदपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को क्षेत्र के बासूपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित सफर के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। बतौर मुख्य अतिथि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धनवीर यादव और प्रतिसार निरीक्षक बृजभूषण ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन पर मानक हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, नशे की हालत में गाड़ी चलाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने से बचना चाहिए। अधिकारियों ने गलत दिशा में वाहन चलाने और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने के खतरों से भी अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान लेन अनुशासन, सुरक्षित दूरी, ओवरटेकिंग के नियम और ब्लाइंड स्पॉट के प्रति सावधानी बरतने की जानकारी दी गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाने और पैदल यात्रियों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि एंबुलेंस और दमकल जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अंत में सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके पूर्व विद्यालय के चेयरमैन अनिल कुमार श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव, प्रधान निदेशिका ऋचा श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर को-ऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा, पूनम श्रीवास्तव, आलोक सिंह कुशवाहा, अभिषेक गुप्ता, राजन गुप्ता, राज वर्मा, शैलेश श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, अंजली सिंह आदि रहे। आभार प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने ज्ञापित किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : रानी लक्ष्मीबाई के साहस और बलिदान को किया गया नमन, अभाविप ने जयंती मना किया उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान
बहरियाबाद : अंबेडकरनगर पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुए कुख्यात वाहिद का शव पैतृक गांव पहुंचा, पुलिस सुरक्षा में हुआ सुपुर्द-ए-खाक >>