सैदपुर : संविधान दिवस को लेकर छात्रों को किया जागरूक, टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में लगा संविधान संवाद शिविर

सैदपुर। आगामी 26 नवंबर को मनाए जाने वाले संविधान दिवस के मद्देनजर नगर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में गुरुवार को ‘संविधान संवाद’ जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पीएलबी रंजीत कुशवाहा और कंचन मौर्या ने कॉलेज पहुंचकर कॉलेज के छात्र छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में दिए गए मौलिक अधिकार जहां नागरिकों के हितों की रक्षा करते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना के बारे में जानकारी देते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे मूल आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाना है। इस दौरान शिविर में छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

