वाराणसी : रेलवे और एनडीआरएफ ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर किया मंथन, राहत-बचाव पर जोर





वाराणसी। रेल दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को रेलवे और एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के बीच संरक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें आपदा के समय बेहतर समन्वय, राहत-बचाव की तैयारियों और जनहानि कम करने के उपायों पर चर्चा की गई। इस दौरान एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन के निरीक्षक यादव कृष्णा कुमार ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रेल दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पुल, सुरंग और नदी के पुल पर होने वाली रेल दुर्घटनाओं, ट्रेनों की टक्कर, आग लगने, भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं में बचाव की प्रक्रिया समझाई। साथ ही दुर्घटना स्थल पर कम समय में पहुंचने, घायलों को सुरक्षित निकालने और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने के लिए अपनाई जाने वाली तकनीकों की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि किसी भी दुर्घटना में जनहानि कम करने के लिए राहत एवं बचाव दल का घटनास्थल पर कम से कम समय में पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व की रेल दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी पीड़ितों के लिए काफी सहायक साबित होता है। इसलिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेलवे लाइन और स्टेशनों के आसपास रहने वाले नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देना उपयोगी होगा। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए। इस मौके पर एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर अजय कुमार, सौरभ राठौर, कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अमित मणि त्रिपाठी, मंडल चिकित्सा अधिकारी आशीष गुप्ता, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : लोकमान्य तिलक टर्मिनस से छपरा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, गोरखपुर होकर होगा संचालन
वाराणसी : त्योहार स्पेशल ट्रेनों में एक दिसंबर तक विभिन्न तिथियों पर उपलब्ध हैं सीटें, वापस जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सहूलियत >>