जखनियां : सब्जी कारोबारी पर हमले के बाद व्यापारियों में आक्रोश, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग के साथ सीओ से की मुलाकात

जखनियां। सब्जी मंडी के व्यापारी विजय मौर्य पर पांच नवंबर को हुए हमले के मामले में मुख्य आरोपित समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। सोमवार को भाजपा नेता प्रमोद वर्मा और व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री अशोक गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी से मुलाकात कर फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि जखनियां बाजार में पिछले कुछ दिनों से सब्जी मंडी के कारोबारियों और ठेला-खोमचा लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे दुकानदारों के साथ आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की। प्रमोद वर्मा ने कहा कि छोटे व्यापारी मेहनत से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाओं से बाजार का माहौल प्रभावित होता है। विजय मौर्य पर हुए हमले के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों की चिंता बढ़ी है। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। इस पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और घरों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मुख्य आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार की शांति व्यवस्था बिगाड़ने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर युवा मोर्चा के प्रशांत सिंह, प्रधान प्रतिनिधि झुन्ना सिंह, जितेंद्र कुशवाहा पिंटू, नंदलाल कुशवाहा, राजेश पाल, गणेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, विशाल गुप्ता, नुरायण अहमद, बृजेश कन्नौजिया, संजय कश्यप, विनोद मौर्य आदि रहे।

