अनौनी : वेदी पूजन के बाद व्रतियों ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद, शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत, मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी पर बनी गुड़ की खीर-रोटी

अनौनी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पवित्रता के साथ खरना का अनुष्ठान किया। इस अवसर पर घरों और छठ घाटों पर विधि-विधान से वेदी पूजन किया गया। व्रती महिलाओं ने मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी का पारंपरिक प्रसाद तैयार किया। भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान में खरना का विशेष महत्व है। शनिवार की सुबह से ही घरों में खरना की तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाओं ने स्नान आदि के बाद पूजा स्थल की साफ-सफाई कर विधि-विधान से वेदी पूजन किया। इसके बाद पूरी पवित्रता और नियम-निष्ठा के साथ मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी तैयार की गई। शाम के समय भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया गया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। अब वे रविवार की शाम अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगी। खरना के अवसर पर घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। महिलाओं ने समूह में छठ के गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गांवों में छठ पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। घरों से लेकर घाटों तक साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्याेपासना के इस अनुष्ठान के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

