वाराणसी : विश्व मधुमेह दिवस पर मंडल चिकित्सालय में जागरूकता सेमिनार का आयोजन, संतुलित आहार व नियमित व्यायाम के गिनाए लाभ





वाराणसी। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसके बचाव और प्रभावी प्रबंधन की जानकारी देने के उद्देश्य से शनिवार को पूर्वाेत्तर रेलवे के मंडल चिकित्सालय वाराणसी में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मधुमेह के कारणों, लक्षणों, बचाव तथा नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। सेमिनार में मुख्य वक्ता डॉ. अमरनाथ ने मधुमेह यानी डायबिटीज के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि यह ऐसी स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें शरीर में रक्त शर्करा का स्तर सामान्य से अधिक हो जाता है। समय रहते इसकी पहचान और उचित प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और उचित जीवनशैली अपनाकर मधुमेह को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने मधुमेह के सामान्य लक्षणों और इससे जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। समय-समय पर जांच कराने से बीमारी की पहचान और उसके प्रबंधन में सहायता मिलती है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे चौधरी ने कहा कि मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या अपनाना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना और उन्हें जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दुबे आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : धान क्रय केंद्र पर फसल लेकर पहुंचे प्रथम किसान का फूल-माला पहनाकर हुआ स्वागत, एसडीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण
औड़िहार : वाराह घाट पर छठ पूजा की तैयारियां पूरी, रोशनी से जगमगाया मंदिर परिसर, गंगा में बांस-बल्लियों से हुई बैरिकेडिंग >>