दुल्लहपुर : गोदाम के सामने खड़ी थार हुई चोरी, गाड़ी के पहले मालिक पर ही चोरी का लगा आरोप, मुकदमा दर्ज

दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-67 किनारे सौरभ गोस्वामी के गोदाम के सामने खड़ी थार शुक्रवार की सुबह चोरी हो गई। मामले में सौरभ की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व वाहन स्वामी शुभम चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ भी की। शुभम चौहान ने बताया कि उसने करीब तीन वर्ष पहले बैंक फाइनेंस के माध्यम से थार कार खरीदी थी। कुछ माह पूर्व उसके मित्र सौरभ गोस्वामी ने करीब नौ लाख रुपये देकर कार उससे ले ली थी। कार की दोनों चाबियां भी सौरभ के पास थीं। कुछ दिन पहले शुभम ने कहीं जाने के लिए सौरभ से कार मांगी थी, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद शुक्रवार की सुबह गोदाम के सामने खड़ी कार गायब हो गई। सौरभ ने पूर्व वाहन स्वामी शुभम चौहान के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि कार के मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार को बरामद कर दुल्लहपुर पहुंचाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

