जखनियां : यूनियन बैंक के 108वें स्थापना दिवस पर गिनाई उपलब्धियां, ग्रामीणों और किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधा देने पर जोर

जखनियां। स्थानीय कस्बा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बैंक का 108वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान मुख्य प्रबंधक विनोद कुमार यादव ने बैंक की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की उपलब्धियों और ग्राहकों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना 11 नवंबर 1919 को मुंबई में हुई थी। बैंक की स्थापना सीताराम पोद्दार ने की थी। वर्तमान में बैंक देशभर में अपनी लगभग 8700 शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके अलावा विदेशों में भी बैंक की आठ शाखाएं संचालित हैं। मुख्य प्रबंधक विनोद कुमार यादव ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल आर्थिक लेनदेन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, किसानों, छोटे व्यापारियों और आम ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए बैंक की ओर से गोल्ड लोन, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न प्रकार की ऋण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। छोटे और बड़े व्यापारियों की व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के साथ डोर-टू-डोर सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को उनके घर और गांव के आसपास ही अधिक से अधिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिल सके। ग्राहकों का विश्वास और सहयोग ही बैंक की सबसे बड़ी पूंजी है। इस अवसर पर बैंक के कर्मचारी और बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।

