गाजीपुर : 18 नवंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे प्राथमिक शिक्षक, पुरानी पेंशन, टीईटी से राहत, पदोन्नति आदि मांगों पर बनाई आंदोलन की रणनीति

गाजीपुर। परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को शिक्षक भवन में संगठन की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 18 नवंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में सभी ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अधिक से अधिक शिक्षकों के साथ धरने में शामिल होने का आह्वान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने संगठन की ओर से शिक्षकों के हित में अब तक किए गए संघर्षों और आंदोलनों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने प्रस्तावित धरने को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों से एकजुट होकर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर शिक्षकों के बीच व्याप्त चिंता का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षक की नौकरी जाने नहीं दी जाएगी। संगठन शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने मांग की कि सभी पात्र शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ दिया जाए, अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समाधान शासन स्तर पर होना चाहिए। इसके लिए 18 नवंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रस्तावित धरने में एकजुटता दिखाना आवश्यक है। संगठन की ओर से सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षकों से संपर्क कर आंदोलन में सहभागिता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष पवन गुप्ता, हरेंद्र यादव, कमलेश यादव, मनोज सिंह, डॉ. मनोहर यादव, वीरेश यादव, भगवती तिवारी, डॉ. राजेश यादव, दीपक जायसवाल, अजहर अली, राजेश यादव, चंद्रशेखर सिंह, विजेंद्र यादव, अजीत कुशवाहा, प्रेम प्रकाश यादव, अनिल यादव, अदनान अहमद, पूरनमल करुण, यशवंत राम, संजय, महातिम यादव, वीरेंद्र यादव, शिवभूरत कुशवाहा, संतोष यादव, अशोक, दिवाकर यादव, रागिनी, नीलम, रेनू यादव आदि रहे। संचालन जिला मंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने किया।

