भांवरकोल : पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे गोवंशों के तस्करों से पुलिस की हुई मुठभेड़, एक पैर में लगी गोली, 3 गिरफ्तार, 18 गोवंश बरामद

भांवरकोल। गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित गो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार की रात पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पंजाब निवासी एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दो डीसीएम वाहनों में लदे 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष राजीव पाण्डेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब नंबर की डीसीएम में गोवंश लादकर पक्खनपुर के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने रसूलपुर-मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर एक डीसीएम को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें नौ गोवंश लदे मिले। चालक से पूछताछ में दूसरी डीसीएम में भी नौ गोवंश होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दूसरी डीसीएम को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल को तत्काल सीएचसी भेजा गया, जबकि पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दर्शन सिंह, पवन कुमार व सुखदीप कुमार के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के लुधियाना जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गोवंश को पंजाब से बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों डीसीएम से कुल 18 गोवंश बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

