सादात : बापू महाविद्यालय में आपदा प्रबंधन पर लगी कार्यशाला, 100 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दे भूकंप, बाढ़ और आगजनी से बचाव के बताए उपाय





सादात। क्षेत्र के बापू महाविद्यालय में मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम (फेज-3) के अंतर्गत गुरुवार को आपदा राहत एवं प्रबंधन विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान सतर्कता बरतने, स्वयं की सुरक्षा करने और जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद करने के तरीके बताए गए। कार्यशाला में मास्टर प्रशिक्षक एवं प्रभारी शिक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भूकंप, बाढ़, आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। साथ ही सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, प्राथमिक उपचार करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता की जानकारी दी। बतौर मुख्य वक्ता डॉ. संतोष कुमार सिंह और संतोष पाण्डेय ने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, धैर्य, त्वरित निर्णय और सामूहिक सहयोग से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि परिवार और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। प्राचार्य प्रो. त्रिवेणी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में आपदा प्रबंधन का ज्ञान प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और संकट के समय दूसरों की सहायता करने की भावना विकसित होती है। इस दौरान कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और लगभग 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन दुर्गा प्रसाद ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : छठ पूजा को लेकर बेसो नदी के घाटों की कराई गई सफाई, जेसीबी से सुधारे गए रास्ते
गाजीपुर : अवैध वसूली के आरोप पर 710 छात्रों की मांग पर पीजी कॉलेज पहुंचे डीएम, अब कैंपस में 24 घंटे मुफ्त होगा बायोमेट्रिक, दोषियों पर मुकदमे का भरोसा >>