भीमापार : उपेक्षा से आहत वरिष्ठ भाजपा नेता रघुवर ने जताई पार्टी छोड़ने की इच्छा, बाबरी विध्वंस में भी शामिल हुए थे रघुवर दयाल



मनोज सिंह



भीमापार। भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दयाल राजभर ने पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उचित सम्मान नहीं मिलने से आहत होकर पार्टी छोड़ने की इच्छा जाहिर की है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि जिस पार्टी को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, आज उसी में पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा है। अब वह अपने जीवन का शेष समय अपने समाज के लोगों के बीच बिताना चाहते हैं। रघुवर दयाल राजभर ने अपने राजनीतिक सफर और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए बताया कि छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान वह जिले के कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। उस समय गुंबद से ईंट गिरने के कारण उनके पैर में चोट भी लगी थी। उन्होंने बताया कि जब भाजपा की स्थिति मजबूत नहीं थी, तब उन्होंने साइकिल से जिलेभर का भ्रमण कर संगठन को खड़ा करने और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अथक प्रयास किया था। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए वह भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि वह तीन बार जिले में भाजपा के जिला मंत्री रह चुके हैं और राजभर समाज के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। एक समय पार्टी उन्हें जिले में स्टार प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी देती थी, लेकिन अब स्थिति यह है कि उन्हें बूथ स्तर पर भी प्रचारक की जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा से वह बेहद आहत हैं। पार्टी छोड़ने के बाद भविष्य की राजनीतिक भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस उम्र में किसी दूसरी पार्टी में जाने की उनकी इच्छा नहीं है। वह अपने राजभर समाज के लोगों के बीच जाकर उन्हें पार्टी में अपनी उपेक्षा और पीड़ा से अवगत कराएंगे। समाज के लोग जो निर्णय लेंगे, उसी के अनुसार वह आगे कदम उठाएंगे। इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने फोन पर बातचीत में कहा कि रघुवर दयाल राजभर पार्टी के वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि सभी के अभिभावक समान हैं। उन्हें पार्टी से किसी प्रकार की नाराजगी है, इसकी जानकारी उन्हें अब तक नहीं थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह जिले से बाहर हैं और वापस लौटने पर रघुवर दयाल राजभर से मुलाकात कर उनकी नाराजगी दूर करने का पूरा प्रयास करेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह उन्हें पार्टी से दूर नहीं जाने देंगे। भाजपा एक परिवार है और रघुवर दयाल राजभर इस परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं अभिभावक हैं। उनके सम्मान और भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< रेवतीपुर : तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर
दिलदारनगर : रेलपोल धंसने से डाउन लाइन पर प्रभावित हुआ ट्रेनों का परिचालन, मगध एक्सप्रेस 5 घंटे तो अन्य कई ट्रेनें घंटों हुई विलंबित >>