भांवरकोल : विश्व जनसंख्या दिवस पर स्कूली बच्चों ने गांव में निकाली रैली, लोगों से की जनसंख्या नियंत्रण की अपील

भांवरकोल। क्षेत्र के शेरपुर खुर्द स्थित किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या नियंत्रण, सर्व शिक्षा अभियान, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाकर रैली निकाली गई। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय मोनू व सचिव सूर्यभानु राय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महावीर मंदिर होते हुए मुख्य सड़क से शहीद स्तम्भ होते हुए पुनः स्कूल पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राएं स्लोगन लिखी तख्तियां व नारे लगाते हुए चल रहे थे। जिसमें वो ’याद रहे अधिक आबादी, हमेशा लाती है बर्बादी, किसान स्कूल की यही पुकार, स्वच्छता रखे अपरंपार, शिक्षा ऐसी सीढ़ी है, जिससे चलती पीढ़ी है, मम्मी पापा हमे पढ़ाओ किसान स्कूल में चलकर नाम लिखाओ, पर्यावरण का रखे ध्यान तभी बनेगा देश महान आदि नारे लगाते चल रहे थे। प्रतिनिधि ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस केवल एक तारीख नहीं बल्कि एक चेतावनी है कि यदि हम आज नहीं जागे तो आने वाली पीढ़ियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कोई विकल्प नहीं, यह अब आवश्यकता बन चुकी है। इस मौके पर प्रधानाचार्य दयाशंकर राय, लल्लन यादव, पारस पांडेय, सुधा शुक्ला, सुशील राय, ज्ञानेंद्र राय, अंशु राय, जुलुम राम, जनमेजय वर्मा, हरेंद्र यादव, लल्लन पटेल, खुशी परवीन आदि रहे।

