गाजीपुर : सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक, अनुपस्थित बीएसए व बीईओ सहित 3 का वेतन रोकने का आदेश

गाजीपुर। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक राइफल क्लब के सभागार में हुई। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए बैठक में समय से न पहुँचने वाले अधिकारियों को लेकर नाराज़गी जाहिर की। इस दौरान जिले के बीएसए व एक खण्ड शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की देर से उपस्थिति पर उनका वेतन रोकने का निर्देश दे दिया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर सभी विद्यालयों में जागरूकता फैलाई जाए। कहा कि स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए तथा अधिकारियों द्वारा स्कूलों में नियमित भ्रमण कर सघन अभियान चलाया जाए। कहा कि सभी विद्यालयों के वाहनों की फिटनेस व परमिट की समीक्षा कर प्रमाणित किया जाए कि बिना वैध दस्तावेजों के कोई वाहन न चलाया जा रहा हो। यदि वाहन आउटसोर्सिंग से लिए गए हैं तो ऑपरेटर से भी प्रमाणपत्र लिया जाए। किसी प्रकार की लापरवाही पर विद्यालय प्रबंधन जिम्मेदार होगा। डीएम ने निर्देशित किया कि कोई भी छात्र बिना लाइसेंस के दोपहिया वाहन से स्कूल न आएं और लाइसेंस धारकों के लिए हेलमेट अनिवार्य किया जाए। कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को लाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाए और अभिभावकों को सूचित किया जाए। सभी विद्यालयों में इंटर्नल ट्रैफिक रूल्स कमेटी गठित कर हर माह इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया। कहा कि हिट एंड रन मामलों में त्वरित सहायता हेतु जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशाला आयोजित कराए जाएं। कहा कि गोल्डन ऑवर में घायल को चिकित्सा केन्द्र पहुँचाने के लिए 37 एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं। डीएम ने हाईवे पर अवैध पार्किंग रोकने, हेलमेट, सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद जिले में 17 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य की रिपोर्ट मांगी। इस मौके पर एडीएम सहित एसपी आदि मौजूद रहे।

