शादी का मंडप छोड़कर फरार हुई दुल्हन, गुंडई दिखाते हुए दुल्हन के वकील पिता ने सिपाही दूल्हा व बारातियों को बनाया बंधक, पूरी रात 21 बारातियों को किया कैद





खानपुर। थानाक्षेत्र के बहुरा गांव निवासी दूल्हा बनकर बारात लेकर गए सिपाही सहित बारातियों को कन्या पक्ष के लोगों ने दबंगई दिखाते हुए बंधक बना दिया। हालांकि बाद में मौका देखकर दूल्हा मौके से फरार हो गया। बाद में किसी तरह से सुलह कराकर मामला खत्म कराया गया। बहुरा गांव निवासी अमित भारद्वाज यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और गोरखपुर में तैनात है। उसकी शादी वाराणसी के रूस्तमपुर में तय हुई थी तो वो बारात लेकर वहां गया था। जैसे ही वहां पर जयमाल कार्यक्रम शुरू हुआ, तभी शादी के जोड़े में ही दुल्हन घर के पिछले दरवाजे से फिल्मी स्टाइल में फरार हो गई। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। इसके बाद जब दूल्हा पक्ष के लोग बिना शादी के वापिस लौटने लगे तो दुल्हन पक्ष के लोग दबंगई पर उतर आए और दुल्हन की नाबालिग छोटी बहन से ही शादी किए जाने का दबाव बनाने लगे। जिस पर दूल्हा पक्ष तैयार नहीं हुआ। ये सुनकर दुल्हन पक्ष के लोग गुंडई दिखाते हुए दूल्हा सहित 21 बारातियों को बंधक बना लिया। लेकिन मौका देखकर दूल्हा वहां से बच निकलने में सफल हो गया। इसके बाद बुधवार की सुबह तक कोई निर्णय नहीं हुआ और सभी बाराती बंधक बने रहे। दूल्हा पक्ष के लोगों ने बताया कि लड़की वालों की पूरी गलती है। इसके बावजूद हम पूरा सहयोग कर रहे थे। लेकिन दुल्हन का पिता वकील होने के चलते कानूनी दांवपेंच दिखा रहा था और दहेज में दिए गए 4 लाख रूपयों के बदले 7 लाख रूपए की मांग कर रहा था। आखिरकार लड़के की तरफ के कुछ लोगों व गांव के प्रधान द्वारा समझाने पर रूपयों की वापसी की गई, जिसके बाद मामला खत्म हुआ। बहरहाल, शादी छोड़कर फरार दुल्हन के वकील होने की धौंस दिखाने वाले पिता के गुंडई की खूब चर्चा रही।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बहरियाबाद: निरंकारी बाबा को याद करते हुए मनाया गया मानव एकता दिवस, योगदानों को किया गया याद
हीट वेव के प्रकोप से हाईवे पर बाइक चालक को आया चक्कर, सिधौना में डिवाइडर से टकराकर दो गंभीर रूप से घायल >>