पूरे प्रदेश में गाजीपुर एकमात्र जिला जहां से 3-3 महिलाएं बनी हैं विधायक, भाजपा ने हमेशा किया है महिलाओं का सम्मान - मनोज सिन्हा





गाजीपुर। नगर स्थित लंका मैदान में शुक्रवार को भाजपा के महिला मोर्चा के विजय संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेलराज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने विपक्ष पर जमकर हल्ला बोला। कहा कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों व उनकी अकर्मण्यता के चलते गाजीपुर में आज के समय में महिलाओं की संख्या पुरूषों से ज्यादा है। लेकिन ये असमानता इस वजह से नहीं है कि पिछली सरकारों ने महिलाओं के विकास पर बल दिया बल्कि इस वजह से है कि यहां रोजगार न होने के कारण जनपद के अधिकतर पुरूष मतदाताओं को वयस्क होने के बाद उन्हें गाजीपुर से कहीं दूर महानगरों में जाकर काम करना पड़ता है और उनकी पत्नियों को घर पर रहकर घर चलाना पड़ता है। कहा कि मोदी सरकार में देश व जनपद में व्याप्त इस स्थिति में बड़ा बदलाव हुआ है। जिन बहनों को ये बदलाव दिख रहा है उनकी देश तथा जनपद के विकास में बड़ी भागीदारी है। महिलाओं से खचाखच भरी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गाजीपुर पूरे प्रदेश का इकलौता ऐसा जनपद है जहां से 3-3 महिलाएं भाजपा की तरफ से विधायक हैं और अपनी विस का प्रतिनिधित्व विधानसभा में करती हैं। कहा कि भाजपा ने शुरू से महिलाओं का सम्मान किया है। कहा कि अब महिलाओं की बारी है कि वो पार्टी के लिए क्या करेंगी, पार्टी ने उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी दी है। केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में बताते हुए कहा कि 2014 से 2019 तक का कार्यकाल भारतीय राजनीति का स्वर्णिम काल है। जिसमें देश का आर्थिक विकास दर सबसे ज्यादा रहा है जिसके कारण देश में किसान कल्याण, समाज कल्याण तथा भौतिक संसाधनों की मजबूती बढ़ी है। विपक्ष पर कहा कि वो सत्ता पाने के लिए सेना का अपमान करने से भी नहीं चूके। लेकिन भाजपा ने शुरू से देश को सत्ता से बेहद आगे जाकर तरजीह दी है। देश के स्वाभिमान के लिए तत्कालीन विपक्ष के नेता अटल जी ने इंदिरा जी को अपना पूरा समर्थन दिया था। लेकिन आज विपक्ष अपनी राह से पूरी तरह से भटककर पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। कहा कि अगर देश के पहले पीएम नेहरू जी के स्थान पर सरदार पटेल होते तो आज भारतीय सेना के जवानों को अपनी शहादत नहीं देनी पड़ती। उन्होंने गाजीपुर के नवनिर्माण मे महिलाओं के योगदान और महत्व पर कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में खुलकर आगे आई हैं। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सीमा द्विवेदी ने कहा कि अभी पिछले दशक तक घरों से कभी कदम बाहर न निकालने वाली महिलाएं अगर आज खुलकर सक्रिय राजनीति में आकर देशसेवा कर रही हैं तो ये बेहद बड़ी बात है। कहा कि महिलाओं के दर्द को मोदी व योगी सरकारों ने समझा है और उनकी सुरक्षा से लेकर रोजगार, गरीब महिलाओं के विवाह की गारंटी तक की व्यवस्था की है। उन्होंने गाजीपुर के लोगों से कहा कि वो बेहद खुशनसीब हैं कि उन्हें मनोज सिन्हा जैसे सांसद मिले हैं। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य द्वय डा. केदारनाथ सिंह, विशाल सिंह चंचल, विधायक द्वय सुनीता सिंह, डा. संगीता बलवंत, अंजना श्रीवास्तव, मीरा श्रीवास्तव, सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, जयप्रकाश चतुर्वेदी, प्रभुनाथ चौहान, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिता त्रिपाठी, सुनील सिंह, अनिता सेठ, किरन शर्मा, रमाशंकर उपाध्याय, आभा राय, शीला सोनकर, सरोज मिश्रा, ओमप्रकाश राय, शशिकान्त शर्मा आदि मौजूद थे। अध्यक्षता माया सिंह व संचालन क्षेत्रीय मंत्री सरोज कुशवाहा ने किया। आभार जिलाध्यक्ष रूद्रा पांडेय ने ज्ञापित किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< तिथि की हानि से 8 दिनों का होगा ये बासंतिक नवरात्र, देवी मंदिरों में तैयारियां पूरी
लंगड़ी सरकार यानी अपना विकास करने वाली सरकार और पूर्ण बहुमत की सरकार यानी देश के चहुंमुखी विकास वाली सरकार - मनोज सिन्हा >>