सैदपुर यूनियन बैंक में छत व लॉकर काटकर एक करोड़ के जेवर चोरी करने वाला चौथा चोर झारखंड से गिरफ्तार





सैदपुर। नगर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में 8 माह पूर्व मई में लॉकर रूम का छत काटकर हुई 1 करोड़ से अधिक रुपये के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने उसके झारखंड साहिबगंज के पियारपुर गांव से गिरफ्तार किया। हालांकि उसके पास से चोरी का माल बरामद नहीं हो सका। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। 8 मई को बैंक की छत व लॉकर काटकर हुई चोरी में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर थोड़ा बहुत सामान बरामद किया था। जिसके बाद से ही पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुटी थी। इस बीच सूचना के आधार पर पुलिस टीम झारखंड प्रदेश के साहिबगंज जनपद के राधानगर थानाक्षेत्र स्थित पियारपुर गांव पहुंची। वहां से मुज्जम्मिल शेख पुत्र मेहंदी हुसैन को गैर जमानती वारंट में गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए सैदपुर कस्बा इंचार्ज लाल बहादुर सिंह, हेकां यशवंत सिंह, कां. बच्चेलाल और अजीत कुमार यादव की टीम 4 दिन पूर्व सैदपुर से झारखंड गयी थी। वहां की स्थानीय पुलिस के सहयोग से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वहीं चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद गहने बरामद न होने से पीड़ितों में आक्रोश व्याप्त है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< डायट में लगा जिला स्तरीय टीएलएम मेला व हुई पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रथम स्थान पर रहा देवकली ब्लॉक
बासंतिक नवरात्रि में चकेरी धाम में लग रहा श्रद्धालुओं का रेला, धाम में है महाभारतकालीन पोखरा >>