सैदपुर : नगर में निकली भगवान श्रीराम की बरात, दुधमुंहें बालक को दुलारते दिखे महावीर हनुमान, श्रीराम की भक्ति में झूमता रहा नगर





सैदपुर। नगर की प्राचीन रामलीला में धनुष यज्ञ की लीला व सीता स्वयंवर के बाद भगवान श्रीराम की भव्य बरात निकाली गई। आकर्षक झांकियों, भक्ति गीतों और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच निकली राम बरात ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। बरात जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। लोगों ने भगवान श्रीराम की झांकी के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया। आयोजन स्थल से निकली राम बरात की शोभायात्रा नगर के मुख्य चौराहे और मुख्य बाजार से होते हुए शाकंभरी तिराहा, मेन रोड, कोतवाली से होते हुए रानी चौक, पश्चिम बाजार पहुंची। यहां से चौराहे होते हुए बरात पुनः आयोजन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान हनुमान, भगवान शंकर और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां चल रही थीं। भक्ति गीत पर नृत्य करती झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। भक्ति में डूबे श्रद्धालु बराती बनकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसके पीछे घोड़े पर सवार राजा की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की सवारी रथ पर निकली। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों के दर्शन के लिए लोग सड़क के दोनों ओर खड़े रहे। राम बरात के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह राममय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालु शोभायात्रा का स्वागत करते और भगवान के जयकारे लगाते नजर आए। प्राचीन रामलीला की इस परंपरा ने एक बार फिर नगरवासियों को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ दिया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : 108 एम्बुलेंस की महिला ईएमटी का मोबाइल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी धराये, चार मोबाइल बरामद
औड़िहार : चूल्हे में गैस रिसाव से लगी आग, न्यू लीलावती अस्पताल में ससमय इलाज से बची 60 फीसदी झुलसी महिला की जान >>