सैदपुर : 108 एम्बुलेंस की महिला ईएमटी का मोबाइल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी धराये, चार मोबाइल बरामद

सैदपुर। पुलिस ने ड्यूटी से घर जा रही 108 एम्बुलेंस की महिला ईएमटी का मोबाइल छीनने के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में 2 नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती सहित चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को एएसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीते दिनों ड्यूटी कर घर जा रही महिला ईएमटी से मोबाइल छिनैती की घटना में शामिल आरोपी वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बड़ेपुर के पास मौजूद हैं। जिसके आधार पर उपनिरीक्षक रमेश प्रसाद व रसमचन्द्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक बालिग व 2 नाबालिग निकले। तीनों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उनमें से बालिग आरोपी ने अपना नाम सुजीत यादव पुत्र सुदर्शन यादव निवासी भीरा बलुआ बताया। जिसके बाद उसे जेल व बाकी दोनों आरोपियों के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। इधर मोबाइल उचक्कों के पकड़े जाने की सूचना पाकर पीड़िता ईएमटी भी पहुंची। उन्होंने बताया कि वो ड्यूटी खत्म कर देरशाम करीब 7 बजे घर जा रही थी। इस बीच वहां पहले से मौजूद तीनों एक ही बाइक से आये और हाथ में पकड़े मोबाइल को छीनकर फरार हो गए। घटना से भौचक महिला ने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई और तीनों को पकड़ लिया। महिला ने बताया कि तीनों बदमाश बेहद हिम्मती थी। वो तीनों उस दिन छिनैती के बाद भी 2 बार मेरे सामने आए थे। बताया कि मोबाइल छीनने के बाद आगे बढ़ने पर भी 2 बार मेरे सामने आए। यहां तक कि मेरे गाँव तक आये थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और तलाशी के दौरान सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन, तीन मल्टीमीडिया मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल सहित कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने छह अक्टूबर को बौरवां बाजार के पास नहर की पटरी पर जा रही एक महिला से मोबाइल छीनने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। टीम में हेकां अनिल कुमार, कां जितेंद्र कुमार व ओमप्रकाश बिंद रहे।

