गाजीपुर : रेलवे स्टेशनों पर ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर चलाया जागरूकता अभियान, कर्मचारियों, वेंडरों और कैटरिंग स्टाफ को किया जागरूक

गाजीपुर। स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत गाजीपुर सिटी समेत मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रेलवे कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, वेंडरों और कैटरिंग स्टाफ को कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया गया। कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों को कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने, उसका उचित संग्रहण करने और निर्धारित तरीके से निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, बड़े पैमाने पर कचरा उत्पन्न करने वालों की जिम्मेदारियों और नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित जुर्माने की जानकारी भी दी गई। अभियान के तहत बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़, बलिया, मऊ, छपरा, सीवान, भटनी जंक्शन, देवरिया सदर, बेल्थरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग समेत मंडल के विभिन्न छोटे-बड़े स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रेलवे कर्मचारियों के साथ ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ, पैंट्री एवं कैटरिंग कर्मियों, स्टेशन वेंडरों और ठेकेदारों ने भाग लिया। स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं। इनके माध्यम से यात्रियों और आमजन को रेलवे परिसर में गंदगी नहीं फैलाने तथा कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, सार्वजनिक उद्घोषणाओं के जरिए यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ रखने और कचरे के उचित निस्तारण में सहयोग करने की अपील की गई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों, कर्मचारियों और स्टेशन परिसर में काम करने वाले सभी लोगों की भागीदारी से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

