जखनियां : शारदीय नवरात्रि के पहले दिन हथियाराम मठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां के जयकारों से गूंजा सिद्धपीठ परिसर

जखनियां। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को सिद्धपीठ हथियाराम मठ में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मां के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। सिद्धपीठ में नवरात्र के अवसर पर काशी के वैदिक विद्वानों द्वारा शतचंडी अनुष्ठान कराया जा रहा है। अनुष्ठान के बीच श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्र के पहले दिन पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया। क्षेत्र के अलावा दूर-दराज के गांवों और इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मठ पहुंचे। मंदिर परिसर के बाहर भी मेले जैसा माहौल रहा। नारियल, चुनरी, फूल-माला और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की आवाजाही से सिद्धपीठ परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।

