सैदपुर : ग्रापए की हुई बैठक में संगठन विस्तार पर दिया गया जोर, नए पत्रकारों को जोड़ने की अपील

सैदपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन स्थित तीखा पानी रेस्टोरेंट में शनिवार को ग्रापए की बैठक हुई। जिसमें संगठन की मजबूती, विस्तार और ग्रामीण पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा व सम्मान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश प्रभारी एवं संरक्षक डॉ. केएन राय ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य से कम से कम एक नए पत्रकार को जोड़ने का आह्वान किया। शुभांरभ भारत माता व संस्थापक स्व. बाबू बालेश्वर लाल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रापए अपनी मेहनत, लगन और एकजुटता के बल पर प्रदेश के प्रमुख पत्रकार संगठनों में अपनी पहचान बनाए हुए है। संगठन की सक्रियता का परिणाम है कि जिलाधिकारी की ओर से गठित विभिन्न समितियों में संगठन के प्रतिनिधि को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में स्थान मिलता है। कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। शासन-प्रशासन की कमियों को सामने लाकर समाज और देश के हित में काम करना पत्रकारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीण पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को एकजुट रखने पर जोर दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विंदेश्वरी सिंह, जिला उपाध्यक्ष पारसनाथ कुशवाहा, आकाश पांडेय, राहुल सिंह, विवेक सिंह, गिरीश गुप्ता, पंकज मिश्रा, विशाल सिंह, गुड्डू गुप्ता, अमन पाठक, शुभम मोदनवाल, शिवम यादव आदि रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा व संचालन राजेश चौरसिया ने किया। आभार तहसील अध्यक्ष गगन बरनवाल ने ज्ञापित किया।

