भांवरकोल : गंगा में नहाने के दौरान डूबने लगीं तीन बच्चियां, साहसी मछुआरे ने दो की बचाई जान, लापता बच्ची को ढूंढने पहुंची टीम





भांवरकोल। थानाक्षेत्र के पलियां बुजुर्ग गंगा घाट पर रविवार सुबह स्नान के दौरान तीन बच्चियां गहरे पानी में डूबने लगीं। इसी दौरान नाव लेकर पहुंचे श्रीनिवास चौधरी ने दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि करीब 10 वर्षीय शिवांजलि गंगा में लापता हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की। प्रशासन ने खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई है। गांव निवासी सुनील गोंड़ की बेटी शिवांजलि रविवार सुबह अपनी चचेरी बहन स्वरागिनी और फुफेरी बहन स्नेहा के साथ गंगा स्नान करने गई थी। परिजनों ने बताया कि शिवांजलि बलिया जिले के भरौली स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। बताया कि स्नान करते समय तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। इसी बीच नाव लेकर पहुंचे श्रीनिवास चौधरी ने स्नेहा और स्वरागिनी को बचाकर बाहर निकाल लिया, लेकिन शिवांजलि का कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद तहसीलदार महेंद्र बहादुर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने जाल डालकर गंगा में बच्ची की तलाश शुरू की। तहसीलदार ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। समाचार लिखे जाने तक शिवांजलि का पता नहीं चल सका था।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : नवागत एसपी ने मातहतों संग की समीक्षा बैठक, महिला अपराधों और टॉप-10 अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
सैदपुर : ग्रापए की हुई बैठक में संगठन विस्तार पर दिया गया जोर, नए पत्रकारों को जोड़ने की अपील >>