गाजीपुर : नवागत एसपी ने मातहतों संग की समीक्षा बैठक, महिला अपराधों और टॉप-10 अपराधियों पर सख्ती के निर्देश





गाजीपुर। जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिस बीट प्रणाली को मजबूत बनाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें लिंक कराने और कंट्रोल रूम की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। इस दौरान एसपी ने जिले के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में होने वाले अपराधों की प्रकृति तथा चिह्नित अपराधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही टॉप-10 अपराधियों सहित अन्य चिह्नित अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कदम उठाने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसपी ने ऑपरेशन दृष्टि और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें लिंक कराने तथा कंट्रोल रूम की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बीट प्रणाली को मजबूत बनाने और पुलिस पेंशनरों की बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा जनसुनवाई के प्रार्थना पत्रों और आईजीआरएस से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन किया। इसमें जिले के विभिन्न थानों और पुलिस शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा, एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : नवरात्रि के पहले दिन महावीर हनुमान मंदिर की रखी गई आधारशिला, भाजपा नेता रामराज वनवासी ने किया शिलान्यास
भांवरकोल : गंगा में नहाने के दौरान डूबने लगीं तीन बच्चियां, साहसी मछुआरे ने दो की बचाई जान, लापता बच्ची को ढूंढने पहुंची टीम >>