सादात : नवरात्रि के पहले दिन महावीर हनुमान मंदिर की रखी गई आधारशिला, भाजपा नेता रामराज वनवासी ने किया शिलान्यास

सादात। क्षेत्र के मौधियां स्थित करमदेवपुर गांव में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को हनुमान मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता रामराज बनवासी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान रामराज बनवासी ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर हनुमान मंदिर का शिलान्यास होना शुभ है। मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थान नहीं, बल्कि गांव की एकता, आस्था और संस्कृति का केंद्र भी होता है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए ग्रामवासियों को बधाई देते हुए मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। इस मौके पर श्रीप्रकाश मिश्रा, मनोज राय, विजय राजभर, ज्ञानेंद्र राय, बलवंत राय, अंकित चौधरी, चंद्रिका राजभर, दिनेश चंद्र राय, यशोरत्न पांडेय आदि रहे।

